भोपाल: देश में कोरोना के बीच बर्ड फ़्लू ने भी तांडव मचा रखा है। देशभर में हजारों पक्षियों की मौत हो गई है। कई शहरों में इसको लेकर अलर्ट कर दिया गया है। वहीं, मध्यप्रदेश में भी बर्ड फ़्लू तेजी से फ़ैल रहा है, जिसको लेकर सरकार और प्रशासन काफी एक्टिव हो गया है। इससे मध्य प्रदेश के झाबुआ के कड़कनाथ मुर्गे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए है।
बर्ड फ़्लू की चपेट में वह 2000 चूजे भी आ गए जिनका ऑर्डर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने झाबुआ के एक पॉल्ट्री फॉर्म को दिया था। झाबुआ का प्रसिद्ध आशीष कड़कनाथ फार्म भी बर्ड फ्लू की मार झेल रहा है। प्रसिद्ध भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने इस फार्म को 2000 मुर्गो का आर्डर दिया था लेकिन इतने बड़े ऑर्डर को बर्ड फ्लू की मार झेलनी पड़ी।
अभी 15 दिन पहले ही इस फार्म पर कड़कनाथ मुर्गो की भरमार थी और पूरा फार्म मुर्गो की आवाज से गूंजा करता था। अब इसे विडम्बना ही कहेंगे कि यहां के संचालक विनोद मैडा को इतना बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। दरअसल इस फार्म पर धोनी ने 2000 चूजों का ऑर्डर दिया था जिनकी डिलीवरी दिसंबर में बारिश होने की वजह से आगे बढ़ा दी गई. लेकिन बीते 7 दिनों से रोज 300 से 400 चूजे और मुर्गे मर रहे थे।
जब एक मरे हुए मुर्गे की रिपोर्ट आयी तो उसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। नतीजन बचे हुए सभी 800 मुर्गो को मार कर दफनाया गया। रिपोर्ट आने के बाद पशुपालन विभाग के अमले और राजस्व विभाग के अमले ने जीवित और मृत मुर्गो को पीपीई किट पहनकर बरामद किया और जिंदा मुर्गों को मारकर जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया।