भोपाल: मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से प्रदेश सिरहन बढ़ गई है। कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी तीन-चार दिन तक तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान मध्य प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी जा सकता है।
इसके पीछे का कारण उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के साथ ही पंजाब और उसके आसपास बना प्रेरित चक्रवात का समाप्त होना है। इससे हवाओं का रुख उत्तरी होने लगा है। हाल ही में उत्तर भारत के पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी हुई है। पंजाब में बारिश भी हुई है। इस वजह से सर्द हवाओं उत्तर भारत की ओर आ रही हैं।
रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने से पंजाब पर बना सिस्टम समाप्त हो गया। इससे हवा का रुख एक बार फिर उत्तरी होने लगा है। इससे दिन में वातावरण में सिहरन बढ़ गई है। सोमवार से पूरे मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं। दो-तीन दिन में कहीं-कहीं तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिर सकता है।